Bankipur By-Election: प्रशांत किशोर की बढ़ीं मुश्किलें! नीतीश कुमार के वीडियो पर बयान के बाद पटना के थाने पहुंचा JDU

पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नजदीक आते ही जन सुराज पार्टी के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जनता दल यूनाइटेड (jdu)
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नजदीक आते ही जन सुराज पार्टी के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार बताया जाने के आरोप को गंभीरता से लेते हुए प्रशांत किशोर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने बुधवार को पटना के शास्त्रीनगर थाने पहुंचकर प्रशांत किशोर के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कानून की सक्षम धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। आवेदन के साथ कथित तौर पर संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
शिकायत दर्ज कराने के बाद मीडिया से बातचीत में नीरज कुमार ने कहा कि प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के वीडियो को एआई से तैयार बताकर न केवल उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाया है, बल्कि उनके सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक छवि को भी ठेस पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि जनता को भ्रमित करने और एक वरिष्ठ नेता की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है। नीरज कुमार ने चुनौती देते हुए कहा कि 'कौन माई का लाल है जो नीतीश कुमार का आर्टिफिशियल वीडियो बना लेगा।' इस दौरान उन्होंने प्रशांत किशोर पर व्यक्तिगत और राजनीतिक हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर खुद को व्यवस्था परिवर्तन की बात करने वाला बताते हैं, जबकि उनकी घोषित संपत्ति करोड़ों रुपये की है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद वह करीब 190 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं।















