Engineer found dead on railway track in Chhatarpur: छतरपुर में रेलवे ट्रैक पर मिला इंजीनियर का शव; जिम के लिए निकला था ईशान अग्रवाल

मध्य प्रदेश के छतरपुर में 28 वर्षीय इंजीनियर ईशान अग्रवाल की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शहर के साइकिल कारोबारी राजेश अग्रवाल के बेटे के र
मध्य प्रदेश के छतरपुर में 28 वर्षीय इंजीनियर ईशान अग्रवाल की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शहर के साइकिल कारोबारी राजेश अग्रवाल के बेटे के रूप में हुई है। ईशान बेंगलुरु में एक कंपनी में कार्यरत थे और पिछले कुछ महीनों से अपने घर से वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, ईशान ने जिम जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। चिंता बढ़ने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। ईशान के बड़े भाई ने उनकी लोकेशन ट्रेस की, जो छतरपुर के सटई रोड स्थित रेलवे पुल के आसपास मिली। परिवार वहां पहुंचा, जहां रेलवे पटरी के पास ईशान का शव मिला।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में मौत ट्रेन की चपेट में आने से होना पाया गया है। हालांकि, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ईशान रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
ईशान की अचानक मौत से परिवार में गहरा सदमा है। जिस बेटे का जिम जाने के बाद लौटने का इंतजार किया जा रहा था, उसकी मौत की खबर से परिजन स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, ईशान का परिवार शहर में जाना-पहचाना है और उनके पिता राजेश अग्रवाल साइकिल व्यवसाय से जुड़े हुए हैं।
















