Farmers' Protest in Bhopal: किसानों के प्रदर्शन से भोपाल बेहाल, पुलिस की चार लेयर बैरिकेडिंग; महाजाम से थमी रफ्तार, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

भोपाल में किसानों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी है, जिसमें वे मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी और खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को
भोपाल में किसानों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी है, जिसमें वे मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी और खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को जब किसान मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें एमपीआरआई के पास वीर सावरकर सेतु पर रोक दिया। इसके बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए चार परतों में बैरिकेडिंग की। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ गए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाइश देकर नीचे उतार दिया। इस समय किसान अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं और पुलिस ने उनकी सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।
किसानों के धरने और पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण नर्मदापुरम-भोपाल हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। मुख्य मार्ग बंद होने के कारण वाहनों का दबाव वैकल्पिक रास्तों पर आ गया है, जिससे मिसरोद, नर्मदापुरम रोड और आसपास की कॉलोनियों में कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि गंभीर मरीजों को लेकर जा रही एम्बुलेंस भी ट्रैफिक में फंस गईं। प्रशासन को आपातकालीन वाहनों को संकरे और डायवर्ट किए गए मार्गों से निकालने की व्यवस्था करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कम से कम एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए अलग ग्रीन कॉरिडोर या सुरक्षित लेन की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
यातायात व्यवस्था के ठप होने के कारण भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने एहतियात के तौर पर नर्मदापुरम रोड स्थित सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। किसान आंदोलन के चलते भोपाल यातायात पुलिस ने नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें नागरिकों से प्रभावित मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की गई है। यातायात पुलिस के अनुसार आरआरएल तिराहा ब्रिज से उतरकर नर्मदापुरम मार्ग पर किसानों का धरना जारी है, जिससे इस रूट पर सामान्य आवागमन प्रभावित हो रहा है। यातायात पुलिस ने लोगों से अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर न जाने, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी असुविधा की स्थिति में कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 0755-2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।

















