FIR against BJP MP in UP: बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत पर जीजा और बहन का घर जबरन कब्जा करने का आरोप

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत पर कासगंज जिले के सहावर थाने में fir दर्ज की गई है। आरोप है कि सांसद ने अपने जीजा के घर और दुकान पर जबरन
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत पर कासगंज जिले के सहावर थाने में FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि सांसद ने अपने जीजा के घर और दुकान पर जबरन कब्जा कर लिया और उन्हें अपने राजनीतिक प्रभाव के चलते घर से बाहर निकाल दिया। यह FIR उनकी बहन रीना और ससुराल पक्ष के सदस्यों द्वारा दर्ज कराई गई है। अदालत के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, अदालत के आदेश पर मुकेश राजपूत सहित कुल 87 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस FIR में उनके परिवार के सदस्यों, सुरक्षाकर्मियों और अन्य सहयोगियों के नाम शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई 7 सितंबर 2025 को सांसद की बहन रीना और उनके ससुराल पक्ष के बीच संपत्ति विवाद के चलते हुई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस विवाद के दौरान सांसद ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए अपने जीजा रवींद्र को घर से बाहर निकाल दिया। उन्होंने अपनी शिकायत में दुकान और मकान पर कब्जा करने के साथ-साथ मारपीट का भी आरोप लगाया है। आरोप है कि रवींद्र को बेदखल करने के बाद सांसद के भेजे हुए लोगों ने उनकी दुकान और मकान पर जबरन कब्जा कर लिया और इस दौरान मारपीट, बलवा और सामान लूटने जैसी घटनाएं भी हुईं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने घटना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस द्वारा तत्काल कदम न उठाए जाने के बाद पीड़ित पक्ष ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद अदालत ने FIR दर्ज करने का आदेश दिया।















