Flag disrespect incident: महबूबा मुफ्ती के खिलाफ जम्मू में शिकायत दर्ज

जम्मू में पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के खिलाफ तिरंगे के अपमान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। श्रीनगर में हाल ही में हुए एक प्रदर्शन के दौ
जम्मू में पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के खिलाफ तिरंगे के अपमान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। श्रीनगर में हाल ही में हुए एक प्रदर्शन के दौरान महबूबा मुफ्ती ने राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा पकड़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना के बाद से इंटरनेट मीडिया पर तीव्र प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और इसी के आधार पर जम्मू के एक थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि महबूबा ने राष्ट्रीय ध्वज को निर्धारित प्रोटोकॉल के विपरीत प्रदर्शित किया है, जो कि कानून के अनुसार दंडनीय है। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि तिरंगे का हरा रंग ऊपर और केसरिया रंग नीचे था, जो कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों का उल्लंघन है।
महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पीडीपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के दौरान उन्होंने तिरंगे को उल्टा पकड़ा हुआ था, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ। शिकायतकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता डा. नीरज शर्मा ने जम्मू के पक्का डंगा क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि महबूबा मुफ्ती का यह कृत्य राष्ट्रध्वज का अपमान है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच करने और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, जम्मू पुलिस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
















