Cyber Fraud Network Busted: इंदौर में साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया

इंदौर, जिसे देश के सबसे स्वच्छ शहरों में से एक माना जाता है, अब साइबर ठगी के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन महीनों में दिल्ली पुलिस ने इंदौर में दो
इंदौर, जिसे देश के सबसे स्वच्छ शहरों में से एक माना जाता है, अब साइबर ठगी के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन महीनों में दिल्ली पुलिस ने इंदौर में दो बड़े साइबर ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पहले पश्चिमी जिला साइबर थाना ने एक फर्जी एक्सपोर्ट कॉल सेंटर का पता लगाया था, और अब द्वारका जिला साइबर थाना ने एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो शेयर बाजार और फारेक्स ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर लोगों को ठग रहा था। हाल ही में द्वारका जिला साइबर थाना ने इंदौर के मारी माता चौक के पास एक अवैध कॉल सेंटर पर छापेमारी की, जिसमें छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 28 सीपीयू, 25 मोबाइल फोन, दो वाई-फाई राउटर, एक डीवीआर और एक ऑडियो-कम-वीडियो रिकॉर्डिंग कैमरा बरामद किया। जब्त किए गए कंप्यूटरों से 1,400 से अधिक स्प्रेडशीट मिली हैं, जिनमें हजारों लोगों की व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, मोबाइल नंबर, पैन, ई-मेल और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी शामिल थी।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उत्तम नगर निवासी सुनील कुमार द्वारा 17.30 लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसे पहले भारतीय शेयर बाजार में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद उसे एक फर्जी अंतरराष्ट्रीय फारेक्स ट्रेडिंग प्लेटफार्म पर निवेश करने के लिए कहा गया। शुरुआत में पोर्टल पर लगातार मुनाफा दिखाकर उसका भरोसा जीता गया और कई चरणों में उससे निवेश कराया गया। लेकिन जब उसने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया, तो पहले बहाने बनाए गए और फिर ट्रेडिंग में नुकसान दिखाकर उसकी पूरी राशि हड़प ली गई। तकनीकी जांच के दौरान आरोपितों की लोकेशन इंदौर में मिली, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी की और उस कॉल सेंटर का पता लगाया, जहां एक नामी निवेश कंपनी के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को फोन किए जाते थे।
















