Fraud in Ghaziabad: गाजियाबाद में 5000 करोड़ का घोटाला, दो कंपनियों पर लगे गंभीर आरोप

गाजियाबाद के कवि नगर थाने में वैदिक आयुरक्योर कंपनी और एक्सिस ई-कॉर्पोरेशन के खिलाफ पांच हजार करोड़ रुपये के बड़े घोटाले का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में
गाजियाबाद के कवि नगर थाने में वैदिक आयुरक्योर कंपनी और एक्सिस ई-कॉर्पोरेशन के खिलाफ पांच हजार करोड़ रुपये के बड़े घोटाले का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में अधिवक्ता महेश कुमार वर्मा की शिकायत पर दस लोगों को नामजद किया गया है। इन कंपनियों पर आरोप है कि उन्होंने निवेश के नाम पर लोगों को ठगा है। महेश कुमार वर्मा ने बताया कि कंपनियों ने अपने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नौ हजार रुपये की आईडी पर प्रतिमाह 1100 रुपये का लाभ और घरेलू सामान पर 33 फीसदी छूट का वादा किया था। शुरुआत में निवेशकों को लाभ मिलने से उनका विश्वास बढ़ा, लेकिन बाद में कंपनियों ने धोखाधड़ी की। पंकज सोनी सेठ ने गाजियाबाद में कई बैठकें आयोजित कीं, जिससे निवेशकों का विश्वास और भी बढ़ा। कंपनियों ने विश्वास जमाने के लिए ग्रोसरी की दुकानें भी खोलीं, जिससे निवेशकों को और अधिक आकर्षित किया गया।
निवेशकों से ग्रोसरी स्टोर के नाम पर लाखों रुपये के समझौते किए गए, लेकिन बाद में ये कंपनियां धीरे-धीरे गायब हो गईं और निवेशकों का पैसा हड़प लिया। महेश वर्मा का आरोप है कि कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फैजान खान दुबई भाग गए हैं। वह व्हाट्सएप के माध्यम से वीडियो भेजकर निवेशकों को पैसे वापस मिलने का आश्वासन दे रहा है। हालांकि, कंपनी ने अपना ऑनलाइन सिस्टम भी बंद कर दिया है, जिससे निवेशकों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। फैजान खान सहित कुल दस लोगों को इस धोखाधड़ी का मुख्य षडयंत्रकर्ता बताया गया है। इन लोगों के खिलाफ भारत के कई जिलों में भी एफआईआर दर्ज हैं।
















