FSDA Raids in Gorakhpur: चौरी-चौरा में फैक्ट्री पर छापा, 400 KG नकली घी बरामद

गोरखपुर के चौरी-चौरा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने एक फैक्ट्री पर छापा मारकर लगभग 400 किलोग्राम नकली घी और कई नामी कंपनियों के
गोरखपुर के चौरी-चौरा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने एक फैक्ट्री पर छापा मारकर लगभग 400 किलोग्राम नकली घी और कई नामी कंपनियों के रैपर बरामद किए हैं। यह कार्रवाई शुक्रवार को गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान तनवी इंटरप्राइजेज में रखे संदिग्ध घी की जांच की गई, जिसमें अमूल, पतंजलि, मधुसूदन, रायल और हरियाणा ब्रांड के रैपर बड़ी मात्रा में मिले। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि ये रैपर दिल्ली से मंगाए गए थे। एफएसडीए की टीम ने सभी रैपरों को जब्त कर लिया है और उनकी जांच की जा रही है। घी के पांच नमूने भी गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
छापेमारी के दौरान एफएसडीए के सहायक आयुक्त (खाद्य)-II डा. सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों ने संदिग्ध घी की गुणवत्ता की जांच की। मौके पर बरामद घी को सीज कर दिया गया है और नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि बरामद घी खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। यदि नमूने असुरक्षित या मिलावटी पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारकर्ता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और नियमावली, 2011 के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
















