FSTP to be established in two villages of Balrampur: बलरामपुर के दो गांवों में बनेगा एफएसटीपी, जमीन की तलाश पूरी, विभाग ने प्रस्ताव भेजा

बलरामपुर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। विकास खंड गैंसड़ी के भदुवा शं
बलरामपुर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। विकास खंड गैंसड़ी के भदुवा शंकरनगर और लैबुड़वा व रेहाबाजार में अहिरौली बुर्जुग गांव में जमीन की पहचान कर ली गई है। इस संबंध में विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। निदेशालय की टीम द्वारा स्थलीय सत्यापन के बाद इन गांवों में से एक या दो स्थानों का चयन किया जाएगा, जिसके बाद प्लांट के निर्माण के लिए आवश्यक बजट आवंटित किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत जिले में दो एफएसटीपी प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें लगभग दो करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है।
इस एफएसटीपी के माध्यम से गांवों में गंदगी को दूर किया जाएगा और शौचालयों के टैंक से निकलने वाले मलीय कीचड़ को शोधित करके खाद बनाने और पानी को फसल सिंचाई के लिए उपयोगी बनाया जाएगा। योजना के तहत तीन हजार से अधिक आबादी वाले गांवों को प्राथमिकता दी गई है। जिले की दो ग्राम पंचायतों में एफएसटीपी स्थापित करने की रूपरेखा तैयार की गई है। पंचायती राज विभाग ने इस संबंध में राजस्व विभाग के साथ समन्वय करते हुए एक एकड़ भूमि की तलाश की है, जो आबादी क्षेत्र से लगभग 250 से 500 मीटर दूर हो, ताकि ग्रामीणों को दुर्गंध, शोर या संक्रमण जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
















