GST Action in Koderma: कोडरमा में जीएसटी टीम का एक्शन, कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी से हड़कंप

कोडरमा जिले में गुरुवार को केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) की टीम ने एक साथ कई प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाकर व्यापारिक जगत में हलचल मचा दी। सुबह से ही 11 वाहनों
कोडरमा जिले में गुरुवार को केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) की टीम ने एक साथ कई प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाकर व्यापारिक जगत में हलचल मचा दी। सुबह से ही 11 वाहनों के काफिले के साथ टाटानगर से पहुंची टीम ने जिले के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों और कारोबार से जुड़े अभिलेखों की जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर के व्यापारियों में हड़कंप मच गया और पूरे दिन इस छापेमारी की चर्चा होती रही। जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जीएसटी की एक टीम झुमरीतिलैया स्थित मिठाई एवं नमकीन के चर्चित प्रतिष्ठान कन्हैया कन्फेक्शनर में जांच कर रही है। इसके अलावा, दूसरी टीम स्कूल रोड स्थित कन्हैया कन्फेक्शनर के मालिक विकास सेठ के मिठाई फैक्ट्री और गोदाम के अलावे उनके आवासीय परिसर में भी जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों के बिल, खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज, जीएसटी रिटर्न तथा अन्य वित्तीय अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है। कन्हैया कन्फेक्शनर में बैठे जीएसटी के एक अधिकारी ने बताया कि इस मिठाई दुकान के मालिक विकास सेठ की तलाश की जा रहा है और कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि दुकान में मौजूद स्टाफ के द्वारा मिठाई खराब नहीं होने और बिक्री जारी रखने के आग्रह पर दुकान को खुला रखा गया है और जांच की जा रही है। इसके अलावा स्कूल रोड स्थित एक अन्य व्यवसायी के घर भी एक टीम पूछताछ के लिए पहुंची थी। सूत्रों के अनुसार, जिले के अन्य कुछ प्रतिष्ठानों में भी केंद्रीय जीएसटी की अलग-अलग टीमें जांच कर रही हैं। हालांकि, विभाग की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से कार्रवाई के संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है और न ही जांच के कारणों का खुलासा किया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारियों में चर्चा का माहौल है। शहर के प्रमुख बाजारों में दिनभर केंद्रीय जीएसटी की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही। खबर लिखे जाने तक छापेमारी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई नियमित सत्यापन का हिस्सा है या किसी विशेष शिकायत अथवा कर अनियमितता के आधार पर की जा रही है।
















