Fire incident in Nainital: न्यू पालिका बाजार में लगी भीषण आग, दमकल ने टाला बड़ा हादसा

नैनीताल के मल्लीताल न्यू पालिका बाजार में शनिवार तड़के एक बड़ी आग लगने की घटना ने सभी को चौंका दिया। सुबह लगभग पांच बजे एक फास्ट फूड की दुकान में आग लग गई, जो क
नैनीताल के मल्लीताल न्यू पालिका बाजार में शनिवार तड़के एक बड़ी आग लगने की घटना ने सभी को चौंका दिया। सुबह लगभग पांच बजे एक फास्ट फूड की दुकान में आग लग गई, जो कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। यदि दमकल विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंचती और दुकान के कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जाता, तो यह आग पूरी बाजार को अपनी चपेट में ले सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह पांच बजे अचानक दुकान से धुआं उठने लगा, जिससे अंदर सो रहे कर्मचारी घबरा गए और उन्होंने तुरंत पीछे की खिड़की से तिब्बती बाजार की ओर भागकर अपनी जान बचाई। कर्मचारियों के बाहर निकलने के कुछ ही समय बाद, दुकान में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग और भी तेजी से फैलने लगी। आग की लपटों ने आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशामक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक फास्ट फूड की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना में दुकान का एक कर्मचारी साहिल भी घायल हो गया, जिसे बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू पालिका बाजार में एक-दूसरे से सटी हुई दुकानों और कई दुकानों में गैस सिलेंडर तथा ज्वलनशील सामान होने के कारण यह घटना अत्यंत गंभीर थी। यदि आग को समय पर नियंत्रित नहीं किया जाता, तो न केवल आर्थिक नुकसान होता, बल्कि जनहानि की भी आशंका थी। इस घटना ने बाजारों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और नियमित विद्युत जांच की आवश्यकता को एक बार फिर से उजागर किया है।
















