Bank Manager Slapped: किसान नेता ने केबिन में घुसकर बैंक मैनेजर को जड़ा थप्पड़

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक बैंक मैनेजर को स्वाभिमानी किसान संगठन के जिलाध्यक्ष द्वारा उनके कार्यालय में थप्पड़ मारे जाने की घटना सामने आई है। यह घटना 30
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक बैंक मैनेजर को स्वाभिमानी किसान संगठन के जिलाध्यक्ष द्वारा उनके कार्यालय में थप्पड़ मारे जाने की घटना सामने आई है। यह घटना 30 जुलाई को खामगांव शहर के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में हुई, जहां बैंक मैनेजर शिवाजी कड़ अपने कार्य में व्यस्त थे। अचानक अमोल पाटिल, जो कि स्वाभिमानी किसान संगठन के जिलाध्यक्ष हैं, वहां पहुंचे और बिना किसी पूर्व सूचना के बैंक मैनेजर को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के बाद बैंक के अन्य कर्मचारियों ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई की। इस घटना के बाद बैंक कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने खामगांव पुलिस स्टेशन के बाहर धरना देने का निर्णय लिया।
किसान नेता अमोल पाटिल का आरोप है कि बैंक मैनेजर शिवाजी कड़ किसानों के साथ बदसलूकी करते थे। उन्होंने कहा कि जब एक किसान कर्ज माफी के बारे में जानकारी लेने गया था, तो बैंक मैनेजर ने अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए कहा, 'क्या तुम्हारे बाप का बैंक है? कितनी बार कर्ज लोगे?' इस अपमानजनक व्यवहार के कारण उन्होंने गुस्से में आकर बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारा। पाटिल ने यह भी कहा कि अगर बैंक मैनेजर की भाषा नहीं सुधरी, तो वह और भी सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। इस घटना के बाद बैंक कर्मचारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने में जमकर नारेबाजी की।
















