Insurance Fraud in Ghaziabad: बुजुर्ग से बीमा पॉलिसी के नाम पर 11 लाख रुपये ठगे गए

गाजियाबाद में एक बुजुर्ग व्यक्ति से साइबर ठगों ने बीमा पॉलिसी के नाम पर 11 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने खुद को आदित्य बिरला सन लाइफ का कर्मचारी बताकर बुजुर्ग क
गाजियाबाद में एक बुजुर्ग व्यक्ति से साइबर ठगों ने बीमा पॉलिसी के नाम पर 11 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने खुद को आदित्य बिरला सन लाइफ का कर्मचारी बताकर बुजुर्ग को अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। पीड़ित रमेश कुमार शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में आदित्य बिरला सन लाइफ की तीन बीमा पॉलिसियां ली थीं। जून 2025 में उन्हें एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने कहा कि पॉलिसी अपडेट कराने पर उन्हें अच्छा मुनाफा मिलेगा। इसके बाद उन्होंने पहले चरण में 37,800 रुपये एक बैंक खाते में जमा कर दिए। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कई लोगों ने उनसे संपर्क किया और सभी ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर कहा कि उनकी पॉलिसियों पर लाखों रुपये का लाभ मिलने वाला है। आरोपियों ने कभी निवेश बढ़ाने, कभी प्रोसेसिंग फीस, कभी टैक्स, कभी स्टांप ड्यूटी तो कभी अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करानी शुरू कर दी। पीड़ित ने बीते वर्ष 19 जून से इसी वर्ष 17 अप्रैल तक आरोपियों के बताए खातों में रकम ट्रांसफर की है। आरोपियों द्वारा पीड़ित को भरोसा दिलाया जाता रहा कि प्रक्रिया पूरी होते ही करीब 32 लाख रुपये का भुगतान उनके खाते में कर दिया जाएगा। काफी इंतजार के बाद भी जब कोई भुगतान नहीं मिला और आरोपित लगातार नए-नए बहाने बनाकर और रुपये जमा कराने का दबाव डालते रहे, तब उन्हें अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी क्राइम अमित सक्सेना का कहना है कि केस दर्ज के बाद जांच शुरू कर दी गई है। जिन खातों में धनराशि ट्रांसफर हुई है उनकी डिटेल निकलवाई जा रही है। शीघ्र आरोपितों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने गाजियाबाद में साइबर ठगी के मामलों में बढ़ोतरी की चिंता को और बढ़ा दिया है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर तुरंत रिपोर्ट करने की अपील की है।
















