Jharkhand SIR: झारखंड की वोटर लिस्ट से कटेंगे 43 लाख से अधिक नाम; गणना का काम पूरा, 5 अगस्त से अगला चरण

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (sir) के तहत गणना चरण का कार्य बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस अंतिम दिन, सभी
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत गणना चरण का कार्य बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस अंतिम दिन, सभी मतदाताओं के गणना प्रपत्रों को पूरी तरह से डिजिटाइज्ड कर दिया गया। इस प्रक्रिया में कुल 2,20,94,859 मतदाता शामिल हैं, जिन्होंने गणना प्रपत्र भरकर और हस्ताक्षर करके अपने बीएलओ को सौंपे हैं। इन सभी मतदाताओं के नाम आगामी पांच अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। वहीं, एएसडीडी सूची में 43,68,377 मतदाता ऐसे हैं, जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं होंगे। हालांकि, इन मतदाताओं को दावा आपत्ति चरण के दौरान अपने पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा, जो पांच अगस्त से चार सितंबर तक चलेगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के पहले चरण की गणना का कार्य समय पर पूरा हो गया है। इस कार्य में सभी पात्र मतदाताओं, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए, बीएलओ, सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के ईआरओ/एईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, वालेंटियर्स और निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर की सहभागिता रही। पांच अगस्त को मतदाता सूची का ड्राफ्ट पब्लिकेशन किया जाएगा, साथ ही एएसडीडी सूची भी इसी दिन प्रकाशित की जाएगी। इन सूचियों को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को सॉफ्ट कॉपी के साथ-साथ मतदान केंद्रों के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए 2 को हार्ड कॉपी (प्रिंट फॉर्म में) उपलब्ध कराया जाएगा।



















