Local Residents Take Charge: जम्मू में सुंजवां मार्ग की बदहाली पर स्थानीय लोगों ने खुद संभाला मोर्चा, जेसीबी से की सड़क की मरम्मत

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू के सुंजवां क्षेत्र में हाल ही में हुई बारिशों के कारण मुख्य सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि स्थानीय निवासियों को खुद ही मोर्च
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू के सुंजवां क्षेत्र में हाल ही में हुई बारिशों के कारण मुख्य सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि स्थानीय निवासियों को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा। प्रशासन की अनदेखी से परेशान होकर, लोगों ने अपनी जेब से पैसे इकट्ठा किए और जेसीबी मशीन मंगवाकर सड़क पर मलबा डलवाया। इसके बाद मार्ग को समतल किया गया, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने सड़क को नाले में तब्दील कर दिया था, जिससे न केवल गाड़ियों की आवाजाही में बाधा आ रही थी, बल्कि पैदल चलने में भी लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। गड्ढों और कीचड़ के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना हुआ था। बुधवार को स्थानीय लोगों ने खुद मौके पर खड़े होकर जेसीबी की मदद से गड्ढे भरे और गाड़ियों की आवाजाही को सुचारू किया।
यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि सड़क के किनारे गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल सुंजवां, इंटरनेशनल डेली राइजिंग स्कूल और इंटरनेशनल दिल्ली पब्लिक स्कूल जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं। इन स्कूलों में नामी और बड़े लोगों के बच्चे पढ़ते हैं। इसके अलावा, रोजाना कई नेता और प्रशासनिक अधिकारी भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। इसके बावजूद, सड़क की इस बदहाली पर किसी का ध्यान नहीं गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें खुद ही आगे आकर इस समस्या का समाधान करना पड़ा।

















