Meta's Apology: बच्चों से जुड़े कंटेंट को लेकर माफी मांगी जकरबर्ग ने

मेटा के ceo मार्क जकरबर्ग ने हाल ही में भारत सरकार से माफी मांगी है। यह माफी केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेसबुक वीडियो हटने के मामले में नहीं, बल्कि इंस्ट
मेटा के CEO मार्क जकरबर्ग ने हाल ही में भारत सरकार से माफी मांगी है। यह माफी केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेसबुक वीडियो हटने के मामले में नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर बच्चों से जुड़े यौन शोषण वाले कंटेंट (CSAM), Deepfake पोस्ट और कंपनी के प्लेटफॉर्म पर हुई अन्य ऑपरेशनल चूक के लिए भी मांगी गई है। सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में भारत सरकार और मेटा के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई बैठकों में कंपनी ने इन मुद्दों पर खेद व्यक्त किया। मेटा ने स्वीकार किया है कि उसके प्लेटफॉर्म पर कंटेंट मॉडरेशन और ऑपरेशन से जुड़ी कुछ गंभीर कमियां सामने आई हैं, जिन्हें सुधारने की आवश्यकता है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब मेटा पहले से ही भारत सरकार और संसद की आईटी संबंधी स्थायी समिति के निशाने पर है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक वीडियो कुछ घंटों के लिए प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था, जिसे मेटा ने तकनीकी गलती बताते हुए बाद में रीस्टोर कर दिया और माफी भी मांगी थी। हालांकि, सरकार इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुई और कंपनी की ग्लोबल टीम को दिल्ली बुलाकर स्पष्टीकरण मांगा।
बैठकों के दौरान मेटा ने बच्चों से जुड़े यौन शोषण वाले कंटेंट (CSAM) और Deepfake कंटेंट पर भी खेद जताया। कंपनी ने माना कि इन मामलों में उसके सिस्टम की कार्यप्रणाली उम्मीद के अनुसार नहीं रही और भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने के लिए सुधार किए जाएंगे। मेटा पर यह आरोप भी लगते रहे हैं कि इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर चाइल्ड सेक्शुअल कंटेंट मौजूद है, जिसे कंपनी हटाने में विफल रही है। इसके अलावा, कंपनी का रवैया भी संदिग्ध रहा है, क्योंकि कुछ ऐसे पोस्ट भी हटाए जाते हैं जो गाइडलाइन का पालन करते हैं, जबकि सेमी पोर्न कंटेंट की भरमार है। पिछले महीने केंद्र सरकार ने इंस्टाग्राम पर CSAM से जुड़े विज्ञापनों के मामले में मेटा को नोटिस भी भेजा था, जिसके बाद कंपनी से जवाब मांगा गया था और उसकी सफाई की जांच अभी भी जारी है।
















