Monsoon Session of Jharkhand Assembly: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र कल से शुरू, हंगामे की उम्मीद

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र कल यानी गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। इस बार के सत्र में हंगामे की पूरी संभावना जताई जा रही है। विपक्ष, वि
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र कल यानी गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। इस बार के सत्र में हंगामे की पूरी संभावना जताई जा रही है। विपक्ष, विशेषकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर जोरदार हमला कर सकती है। इसके अलावा, विधि व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर भी विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। विपक्ष का यह आरोप है कि सरकार ने इन परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती है, जिससे छात्रों के भविष्य पर संकट मंडरा रहा है।
वहीं, सत्ता पक्ष भी चुप नहीं रहेगा। वह नीट पेपर लीक प्रकरण को अपने पक्ष में इस्तेमाल कर सकता है। इसके साथ ही, केंद्र सरकार से बार-बार पत्राचार करने के बावजूद छात्रवृत्ति और जल जीवन मिशन की राशि न मिलने को लेकर विपक्ष पर पलटवार करने की तैयारी कर रहा है। विधानसभा का यह सत्र 12 अगस्त तक चलेगा और पहले दिन सामान्य कामकाज निपटाए जाने की संभावना है। इस दिन शोक प्रस्ताव के साथ-साथ बजट सत्र के दौरान सरकार द्वारा किए गए आश्वासनों पर कार्रवाई की रिपोर्ट भी पेश की जाएगी।
सत्र के पहले दिन विपक्ष जेपीएससी मामले को लेकर सदन के बाहर प्रदर्शन कर सकता है, जबकि सदन के अंदर इस मुद्दे को उठाने की संभावना कम है। शुक्रवार से विपक्ष इस मुद्दे को सदन के बाहर और भीतर उठाने की योजना बना रहा है। बुधवार को मानसून सत्र को लेकर दोनों पक्षों के विधायकों की बैठक हुई, जिसमें सदन में चर्चा के लिए रणनीतियां बनाई गईं। विधायकों को तार्किक ढंग से अपनी बात रखने और सदन में उपस्थिति पर जोर देने के लिए कहा गया है। इस सत्र के दौरान प्रश्नकाल, अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद और विधानसभा समितियों की रिपोर्ट भी पटल पर रखी जाएगी। इसके अलावा, झारखंड में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना के कार्यान्वयन पर भारत के नियंत्रक महालेखापरीक्षक की रिपोर्ट भी सदन में प्रस्तुत की जाएगी। इस सत्र में लगभग आधा दर्जन विधेयक भी पेश किए जाने की संभावना है, जिनमें झारखंड निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, 2026 शामिल है।
















