Rain Brings Joy to Farmers in Jammu: सावन की बारिश से मुस्कुराए अन्नदाता, बंपर उत्पादन की उम्मीद

जागरण संवाददाता, मीरां साहिब। जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ा दी है। लंबे समय से गर्मी
जागरण संवाददाता, मीरां साहिब। जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ा दी है। लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान किसान अब राहत महसूस कर रहे हैं। किसानों का मानना है कि यह बारिश धान और अन्य फसलों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित होगी। किसान धर्मपाल चौधरी, प्रेमलाल, सरदारी लाल, राकेश कुमार और जगदीश लाल जैसे किसानों ने बताया कि गर्मी के कारण धान की फसल सूखने लगी थी, लेकिन बारिश ने खेतों में नमी बढ़ा दी है और फसलों को नया जीवन दिया है। इसके अलावा, सब्जियों की खेती और पशुओं के लिए उगाए गए चारे को भी इस बारिश से काफी लाभ पहुंचा है। किसानों का कहना है कि बारिश से न केवल फसलों की सिंचाई की आवश्यकता कम होगी, बल्कि उत्पादन में भी सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मौसम में आई ठंडक से खेतों में काम करना भी आसान हो गया है।
किसानों ने अन्य किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसलों का फसल बीमा योजना के तहत बीमा अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्राकृतिक आपदा या नुकसान की स्थिति में उन्हें उचित मुआवजा मिल सके। किसान नेता सुरजीत रामपाल ने कहा कि सावन माह के दौरान हर दूसरे और तीसरे दिन बारिश हो रही है, जो किसानों की धान की फसल के लिए बहुत लाभदायक साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को इस समय पानी की काफी आवश्यकता थी, जो अब पूरी हो गई है। इस बार किसानों की धान की फसल का बंपर उत्पादन होने की उम्मीद है।
इसके साथ ही, सुरजीत रामपाल ने किसानों से अपील की कि वे परंपरागत खेती से हटकर नकदी फसल की खेती करें, जैसे फूलों की खेती, मशरूम की खेती और बागवानी। उन्होंने बताया कि ये फसलें हाथों-हाथ बिक जाती हैं और किसानों को अधिक लाभ भी मिलता है। किसानों को परंपरागत खेती से हटकर अन्य प्रकार की खेती की ओर ध्यान देना चाहिए, ताकि वे अपनी आय में वृद्धि कर सकें। इस बारिश ने न केवल फसलों को जीवनदान दिया है, बल्कि किसानों की उम्मीदों को भी नई दिशा दी है।
















