Murder case in Bawani Khera: पत्नी की गला घोंटकर और करंट लगाकर हत्या का आरोप, पति फरार

बवानीखेड़ा के वार्ड नंबर 14 में शनिवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिवार ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है।
बवानीखेड़ा के वार्ड नंबर 14 में शनिवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिवार ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 58 वर्षीय दर्शना की मौत के मामले में उसके पति रामकिशन के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज की गई है। मृतका के छोटे बेटे हंसराज ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पिता ने उसकी मां की गला घोंटकर हत्या की और बाद में शव को करंट लगाया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी भेजा गया है और रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने बताया कि स्वजनों की शिकायत के आधार पर आरोपित रामकिशन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
















