Drug Traffickers Arrested: दिल्ली पुलिस ने नाइजीरियन ड्रग तस्करों को पकड़ा

नई दिल्ली में रेलवे यूनिट की स्पेशल स्टाफ और हजरत निजामुद्दीन रेलवे थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय कोकीन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो नाइजीरियन महिलाओं को
नई दिल्ली में रेलवे यूनिट की स्पेशल स्टाफ और हजरत निजामुद्दीन रेलवे थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय कोकीन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो नाइजीरियन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई महिलाओं की पहचान चिकान्सो जेम्स और हैप्पीनेस ओकोये के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 2.288 किलोग्राम कोकीन बरामद की है, जो उनके बैग, अंडरगारमेंट और पेंट के अंदर टेप से चिपकाई गई थी। यह कार्रवाई पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि इससे मुंबई से दिल्ली और एनसीआर तक फैले ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस का दावा है कि यह खेप अवैध बाजार में पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने मुख्य आरोपित चिकान्सो जेम्स को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है, जबकि हैप्पीनेस ओकोये को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों के पासपोर्ट भी जब्त कर लिए गए हैं। रेलवे यूनिट के उपायुक्त बी भरत रेड्डी ने बताया कि 31 जुलाई को इंस्पेक्टर शंभू नाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम प्लेटफार्म नंबर-1 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें संदिग्ध रूप से घूम रही दो नाइजीरियन महिलाओं पर संदेह हुआ। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की, जिसके बाद तलाशी लेने पर उनके पास से कोकीन की खेप बरामद हुई। पूछताछ में चिकान्सो जेम्स ने बताया कि यह खेप उसे विकासपुरी इलाके से मिली थी।
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सहयोगियों और सप्लायर की तलाश में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे आर्थिक लेनदेन कैसे हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद कोकीन की खेप को मुंबई पहुंचाना था। आरोपित महिलाएं राजधानी से मुंबई जाने वाली थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें ट्रेन में सवार होने से पहले ही पकड़ लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों महिलाओं को नाइजीरिया के नंबर से वाट्सएप कॉल आती थी, जिसमें उन्हें पार्सल लेने और देने के स्थान के बारे में जानकारी दी जाती थी। फिलहाल, पुलिस आरोपित महिलाओं से यह जानने की कोशिश कर रही है कि विकासपुरी में कोकीन किसने दी और मुंबई में सप्लाई किसे करनी थी।
















