Patna Land Sale Ban Lifted: पाटलिपुत्र टाउनशिप का मास्टरप्लान तैयार; 81730 एकड़ भूमि होगी अधिग्रहित

पटना। पटना शहर के निकट पुनपुन और नौबतपुर में विकसित की जाने वाली पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विशेष क्षेत्र के विकास का प्रारूप अब तैयार हो चुका है
पटना। पटना शहर के निकट पुनपुन और नौबतपुर में विकसित की जाने वाली पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विशेष क्षेत्र के विकास का प्रारूप अब तैयार हो चुका है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने शनिवार को इस टाउनशिप के विशेष क्षेत्र के लिए विकास योजना 2047 के प्रारूप की अधिसूचना जारी की है। इसके साथ ही, इस टाउनशिप के विशेष क्षेत्र में भूमि की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण पर लगी रोक को हटा दिया गया है। विभागीय मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि यह निर्णय विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बिहार शहरी आयोजना तथा विकास बोर्ड की 14वीं बैठक में लिया गया। इस अधिसूचना के माध्यम से 60 दिनों की अवधि में आम जनता और संबंधित हितधारकों से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विचार करने के बाद विकास योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप को वर्ष 2047 के दृष्टिगत विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार लैंड पूल पालिसी और लैंड री-एडजस्टमेंट (भूमि पुनर्व्यवस्थापन) के माध्यम से शहरी सुविधाओं का विकास करेगी। इसके लिए पटना की 81,730 एकड़ भूमि को टाउनशिप के विशेष क्षेत्र के लिए चुना गया है। इसमें पुनपुन और नौबतपुर नगर पंचायत के साथ 273 राजस्व ग्राम शामिल हैं। विशेष क्षेत्र में पटना के दायरे में नौ प्रखंड शामिल होंगे, जिनमें पुनपुन, फतुहा, संपतचक, धनरुआ, नौबतपुर, दनियावां, मसौढ़ी, पटना ग्रामीण और फुलवारीशरीफ शामिल हैं। टाउनशिप का कोर एरिया लगभग 3,008 एकड़ का होगा, जिसमें 19 राजस्व ग्राम शामिल होंगे।
पाटलिपुत्र टाउनशिप बिहटा-सरमेरा नेशनल हाईवे (एनएच-131जी) और पटना रिंग रोड से जुड़ा होगा, जिससे टाउनशिप से पटना सिटी, बिहटा, फतुहा और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा। इसके अलावा आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे (एनएच-119डी) भी टाउनशिप से होकर गुजरेगा, जिससे दक्षिण और उत्तर बिहार तक पहुंच में सुविधा होगी। विशेष क्षेत्र के पास दानापुर रेलवे जंक्शन है और इसके दायरे में तीन रेलवे स्टेशन और सात रेलवे हाल्ट भी शामिल हैं। जट डुमरी जंक्शन के निर्माण का प्रस्ताव भी है। प्रारूप के अनुसार, फतुहा के जैतिया मौजा में लगभग 103-105 एकड़ में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क बनाने का प्रस्ताव है, जिसमें वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे व्यापार और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकसित और सुनियोजित बिहार के विज़न को साकार करने की दिशा में यह टाउनशिप एक महत्वपूर्ण पहल है।
















