Pipeline work begins in Palwal: पलवल में दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू

पलवल के हसनपुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। यहां हसनपुर को जटोली, काशीपुर, गुलावद, सहदेव का नगला और सुरजेन का नगला जैसे दर्जनों
पलवल के हसनपुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। यहां हसनपुर को जटोली, काशीपुर, गुलावद, सहदेव का नगला और सुरजेन का नगला जैसे दर्जनों गांवों से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर जल निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। लंबे समय से इस मार्ग पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी भरा रहता था, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दैनिक जागरण द्वारा इस समस्या को प्रमुखता से उठाने के बाद प्रशासन ने इस दिशा में कदम उठाने का निर्णय लिया।
लगभग छह महीने पहले लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क के किनारे नालियों का निर्माण कराया था, लेकिन ग्राम पंचायत ने आरोप लगाया कि नालियों का लेवल सही नहीं होने के कारण पानी की निकासी में बाधा आ रही थी। इससे आम जनता को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। दैनिक जागरण ने इस मुद्दे को उठाते हुए 13 जून को नाली और नालों की सफाई को चुनौती बताया और तीन जुलाई को नालियों की सफाई का काम अधूरा होने की खबर प्रकाशित की। इन खबरों के प्रकाशन के बाद प्रशासन ने इस समस्या का समाधान करने के लिए कदम उठाने का निर्णय लिया।
















