PM Kisan Samman Nidhi Update: 2031 तक 6000 रुपये मिलते रहेंगे

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक इस योजना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक इस योजना को जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये के वित्तीय प्रविधान को स्वीकृति दी गई है। इस योजना के तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में मिलती रहेगी। इस निर्णय से किसानों की खेती में निवेश करने की क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे उनके जोखिम कम होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि इस योजना के जारी रहने से किसानों की आय बढ़ाने, खेती को अधिक टिकाऊ बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद मिलेगी। पीएम-किसान योजना फरवरी 2019 में शुरू की गई थी और यह देश की बड़ी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) योजनाओं में से एक मानी जाती है।
अब तक इस योजना के तहत 23 किस्तों में किसानों के खातों में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। हाल ही में जारी 23वीं किस्त में 9.49 करोड़ से अधिक किसानों को 18,984 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। कोविड महामारी के दौरान इस योजना के माध्यम से 1.71 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता किसानों तक पहुंचाई गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में नकदी की उपलब्धता बनी रही। पीएम-किसान योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शी व्यवस्था है। आधार आधारित प्रमाणीकरण, डिजिटल लाभार्थी सत्यापन और डीबीटी प्रणाली के कारण सहायता राशि बिना किसी बिचौलिये के सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचती है। इससे फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगी है और योजना की विश्वसनीयता में वृद्धि हुई है।
















