Property Prices in Bareilly: 10 अगस्त से बढ़ेंगे सर्किल रेट, 15% तक महंगा होगा खरीदना

बरेली में संपत्ति की खरीदारी अगले महीने से महंगी होने जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, सर्किल रेट में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि की संभावना है। इस संबंध में नई द
बरेली में संपत्ति की खरीदारी अगले महीने से महंगी होने जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, सर्किल रेट में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि की संभावना है। इस संबंध में नई दरों पर सहमति बन चुकी है और जल्द ही इन्हें प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद, जनता से आपत्तियां मांगी जाएंगी और उनके निस्तारण के बाद नए सर्किल रेट लागू किए जाएंगे। निबंधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले के सभी तहसील क्षेत्रों में बाजार भाव, रजिस्ट्री की संख्या और विकास कार्यों के आधार पर नए सर्किल रेट तय किए गए हैं। जिन नए आवासीय क्षेत्रों और कालोनियों में पिछले एक वर्ष के दौरान सबसे अधिक रजिस्ट्रियां हुई हैं, वहां सर्किल रेट में अधिक वृद्धि की संभावना है। इससे इन इलाकों में जमीन और मकानों की रजिस्ट्री कराने वालों को अधिक स्टांप शुल्क देना पड़ेगा।
इस बार नए मानकों के अनुसार मूल्यांकन करने की योजना थी, लेकिन अधिकारियों ने शासन से अनुमति के बाद पुरानी प्रक्रिया के तहत ही दरें संशोधित करने का निर्णय लिया है। यही कारण है कि इस बार सर्किल रेट तय करने की प्रक्रिया में देरी हुई है। विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों के बाजार मूल्य का सर्वेक्षण करने के बाद नई दरों का मसौदा तैयार किया है, जिस पर लगभग सहमति बन चुकी है। नए सर्किल रेट प्रकाशित होने के बाद आम नागरिक, बिल्डर और अन्य संबंधित पक्ष निर्धारित अवधि में अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियों और सुझावों के लिए करीब 10 दिन का समय दिया जाएगा।
















