Rahul Gandhi attacks BJP government ahead of Prayagraj event: छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी का भाजपा सरकार पर तीखा हमला

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रयागराज में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रयागराज में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार तभी झुकती है, जब लोगों की आवाज एकजुट होकर बुलंद होती है। यह बयान पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में देरी और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनके लगातार हमलों के बीच आया है।
राहुल गांधी 8 अगस्त को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित केपी ग्राउंड में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि प्रयागराज देश का ऐसा शहर है, जहां बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को अब लगने लगा है कि व्यवस्था ईमानदारी से काम नहीं कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की मेहनत में कोई कमी नहीं है, बल्कि समस्या उस व्यवस्था की नीयत में है, जो उनकी मेहनत का उचित परिणाम नहीं देती।
राहुल गांधी ने पेपर लीक, सरकारी भर्तियों में देरी और जवाबदेही की कमी को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छात्रों को वर्षों तक इंतजार करना पड़ता है, लेकिन इन समस्याओं के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाता। उन्होंने राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून में छात्रों के साथ हुई बातचीत का भी जिक्र किया। राहुल गांधी के मुताबिक, कोटा में छात्रों ने अपनी आवाज उठाई और देहरादून में भी छात्रों की आवाज बुलंद हुई। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में सवाल पूछने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाई गईं।
राहुल गांधी ने छात्रों से 8 अगस्त को शाम 5 बजे प्रयागराज के केपी ग्राउंड में होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इस कार्यक्रम में वह छात्रों की समस्याओं, प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर बातचीत करेंगे। यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों के बीच लगातार असंतोष देखने को मिला है।
















