Shocking Incident in Balaghat: अविवाहित बेटी की प्रसूति छिपाने नवजात को गोबर में जिंदा दफनाया

बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अविवाहित बेटी की प्रसूति को छिपाने के लिए उसके परिवार ने नवजात शिशु क
बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अविवाहित बेटी की प्रसूति को छिपाने के लिए उसके परिवार ने नवजात शिशु को गोबर के ढेर में जिंदा दफना दिया। यह घटना शुक्रवार रात की है, जब गांव के कुछ लोगों ने नवजात के रोने की आवाज सुनी। ग्रामीणों ने जब परिवार से इस बारे में पूछताछ की, तो परिवार ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने गांव के सरपंच को इस मामले की जानकारी दी। सरपंच ने पंचायत बुलाई और परिवार से फिर से पूछताछ की। इसी दौरान गांव में कार्यरत आशा कार्यकर्ता ने बताया कि परिवार की अविवाहित बेटी ने बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस, नायब तहसीलदार और मेडिकल टीम तुरंत गांव में पहुंची।
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में गोबर के ढेर को हटाकर नवजात के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, नवजात के मुंह और गर्दन पर कपड़ा बंधा हुआ था, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि नवजात की मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके। वारासिवनी एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि घटना के खुलासे के बाद लड़की के पिता ने कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
















