Shooting incident in Sitapur: पैसे के लेनदेन को लेकर हुई फायरिंग, दो युवक घायल

सीतापुर के महोली क्षेत्र में बुधवार रात उरदौली बाजार में पैसे के लेनदेन को लेकर हुई फायरिंग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल
सीतापुर के महोली क्षेत्र में बुधवार रात उरदौली बाजार में पैसे के लेनदेन को लेकर हुई फायरिंग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पैसे के लेनदेन को लेकर श्रीराम वर्मा और मीट व्यापारी आरिफ के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद श्रीराम वर्मा के साथ आए युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से बबलू नामक युवक घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर नगर मुख्यालय की ओर भाग गए। बबलू ने अपने दोस्त शाबाज को घटना की जानकारी दी और हमलावरों का हुलिया तथा बाइक का नंबर बताया। शाबाज ने हाईवे पर खड़े होकर हमलावरों का इंतजार किया और जैसे ही वे निकलने लगे, उनका पीछा किया।
शाबाज ने नवीन गल्ला मंडी गेट के आगे अपनी बाइक हमलावरों की बाइक के सामने लगा दी, लेकिन हमलावरों ने उसे भी गोली मार दी। घायल बबलू का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जबकि शाबाज को जिला अस्पताल से लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में श्रीराम वर्मा, गुलरिया के अवनीस, प्रवीन, रूपचंद और उरदौली के शेर सिंह समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रीराम वर्मा और बबलू के बीच पहले से कोई रंजिश थी। कुछ लोगों का मानना है कि यह विवाद अचानक नहीं हुआ, बल्कि इसके पीछे कोई साजिश है। चर्चा यह भी है कि उरदौली के पंचायत भवन में एक दावत थी, जिसमें आरोपित शामिल होने गए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। कोतवाल जंग बहादुर पांडेय ने बताया कि घटना की जांच चल रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
















