Thailand School Shooting: थाईलैंड स्कूल फायरिंग में 8 की मौत, भगदड़ में 15 बच्चे घायल

बैंकॉक के बाहरी इलाके में नोंथाबुरी प्रांत के बैंग क्रुआई जिले में स्थित डेबसिरिन नोंथाबुरी हाई स्कूल में शुक्रवार को हुई गोलीबारी ने पूरे देश को हिला दिया। इस
बैंकॉक के बाहरी इलाके में नोंथाबुरी प्रांत के बैंग क्रुआई जिले में स्थित डेबसिरिन नोंथाबुरी हाई स्कूल में शुक्रवार को हुई गोलीबारी ने पूरे देश को हिला दिया। इस घटना में एक किशोर संदिग्ध ने पहले अपने दादा-दादी को अपने घर में गोली मारकर हत्या की और फिर स्कूल पहुंचकर कम से कम छह अन्य लोगों पर फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, इस हमले में 8 लोगों की मौत हो गई और भगदड़ में 15 से अधिक छात्र घायल हुए।
नेशनल पुलिस के बयान के अनुसार, संदिग्ध ने अपने दादा की हैंडगन का इस्तेमाल करते हुए अपने दादा-दादी की हत्या की। इसके बाद वह स्कूल में पहुंचा, जहां उसने तीन शिक्षकों और तीन छात्रों को निशाना बनाया। डिप्टी इंटीरियर मिनिस्टर पोलापी सुवंचवी ने बताया कि भगदड़ के दौरान 15 छात्र घायल हुए, हालांकि उन्हें गोली नहीं लगी।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कुल 26 राउंड गोलियां चलाईं और घटनास्थल से 34 जीवित कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
थाईलैंड में बंदूक रखने के कानून सख्त हैं, लेकिन अवैध हथियारों का प्रचलन व्यापक है। अवैध रूप से हथियार रखने पर 10 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। दक्षिण-पूर्व एशिया में नागरिकों के पास हथियार रखने के मामले में थाईलैंड अग्रणी देशों में से एक है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, संदिग्ध उसी स्कूल का एक छात्र था और उसकी भी मौत हो गई है। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि पुलिस ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया, जबकि अन्य में दावा किया गया है कि उसने आत्महत्या की। थाई पुलिस ने अभी तक उसकी मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

















