Traffic Advisory in Faridabad: कांवड़ यात्रा के चलते फरीदाबाद पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, आगरा नहर मार्ग से बचने की अपील

फरीदाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी आम जनता की सुरक्षा
फरीदाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी आम जनता की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से बनाई गई है। पुलिस उपायुक्त यातायात ने नागरिकों से यह अपील की है कि वे शिवरात्रि तक आगरा नहर मार्ग का उपयोग न करें और इसके बजाय निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पुलिस के अनुसार, कांवड़ यात्रा का मुख्य मार्ग आगरा नहर के साथ निर्धारित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के कारण दुर्गा बिल्डर से सोतई पुल तक के मार्ग पर बैरिकेडिंग और नाकाबंदी की गई है। इस नाकाबंदी के कारण वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके बावजूद, कुछ वाहन चालक बैरिकेडिंग तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हो रही है और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कार्य में भी रुकावट आ रही है।
यातायात पुलिस ने नहर पार करने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं। सेहतपुर जाने वाले वाहन चालक नया पल्ला पुल का उपयोग कर सकते हैं, जबकि पल्ला और तिलपत की ओर जाने वाले पल्ला पुल से होकर आवागमन कर सकते हैं। इसके अलावा, मवई, धीरज नगर और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले लोग सेक्टर-28/29 पुल का इस्तेमाल करें। फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि आमजन की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
















