Tragic Accident Claims Lives of Three Kanwariyas: गंगोत्री से पंजाब लौट रहे कांवड़ियों पर तेज रफ्तार कार ने रौंदा, 3 की मौत

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में रविवार तड़के एक भयानक सड़क हादसा हुआ। जीटी रोड पर सरहिंद के पास एक तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों के जत्थे को टक्कर मार दी। इस भीष
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में रविवार तड़के एक भयानक सड़क हादसा हुआ। जीटी रोड पर सरहिंद के पास एक तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों के जत्थे को टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं का यह जत्था गंगोत्री से पवित्र गंगाजल लेकर पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा लौट रहा था। रविवार तड़के लगभग सवा दो बजे जब कांवड़िए दादा मोटर्स के पास से गुजर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों कांवड़िए सड़क पर काफी दूर जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन कांवड़ियों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान महेंद्र पाल, दीपक और जगदीश मित्तल के रूप में हुई है, जो सभी फरीदकोट के निवासी थे। गंभीर रूप से घायल कांवड़िए मुकेश कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया है। इस संबंध में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। सरहिंद थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया है। मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
















