Unity Against Terror: राहुल-खरगे ने कुलगाम में श्रमिकों पर आतंकी हमले को बताया कायरना

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों द्वारा दो मजूदरों की हत्या की घटना ने देश को एक बार फिर से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की आवश्यकता
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों द्वारा दो मजूदरों की हत्या की घटना ने देश को एक बार फिर से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की आवश्यकता का एहसास कराया है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इस कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश की एकजुट लड़ाई की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए हमलावरों को सख्त सजा दिए जाने की मांग की है। राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि कुलगाम में हुए दुस्साहसी आतंकी हमले में देश के दो श्रमिकों की हत्या अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। यह घटना आतंकवाद के खिलाफ देश की एकजुटता को दर्शाती है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इस हमले को घिनौना करार देते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कुलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला न केवल निंदनीय है, बल्कि यह मानवता को शर्मसार करने वाला भी है। खरगे ने कहा कि दो निर्दोष मजदूरों की पहचान पूछकर उनकी निर्मम हत्या करना आतंक की क्रूर मानसिकता का घिनौना उदाहरण है। उन्होंने इस प्रकार के हमलों की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। खरगे ने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस हमले में शामिल दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
















