Tragic incidents during Vaishno Devi pilgrimage: माता वैष्णो देवी यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत

कटड़ा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। यह घटनाएं तब हुईं जब श्रद्धालु माता के दर्
कटड़ा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। यह घटनाएं तब हुईं जब श्रद्धालु माता के दर्शन करने के बाद कटड़ा लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें उनके साथियों के हवाले कर दिया। पहली घटना शनिवार शाम को भवन क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान सुभाष चंद (49) पुत्र बुकड़ सिंह, निवासी 4767 गांव निजंग, करनाल (हरियाणा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुभाष चंद अपने साथियों के साथ मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन करने के बाद कटड़ा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान भवन क्षेत्र में बैटरी कार स्टैंड के निकट वह अचानक अचेत होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों एवं श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत भवन स्थित डिस्पेंसरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद हृदय गति रुकने के कारण मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल कटड़ा लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव उनके साथियों के सुपुर्द कर दिया गया। दूसरी घटना शनिवार देर शाम अर्धकुंवारी क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान सत्येंद्र सिंह (59) पुत्र विजयपाल सिंह, निवासी गांव खदाना, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह भी अपने साथियों के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन कर कटड़ा लौट रहे थे। अर्धकुंवारी मंदिर क्षेत्र स्थित शारदा भवन के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़े। श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों और पुलिस जवानों ने उन्हें तत्काल नजदीकी डिस्पेंसरी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हृदय गति रुकने के कारण उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल कटड़ा लाया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव उनके साथियों के हवाले कर दिया गया।
















