Airport in Supaul: वीरपुर एयरपोर्ट 2 साल में होगा तैयार, रनवे की लंबाई 3 किलोमीटर

वीरपुर (सुपौल) से संवाद सहयोगी। बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सोमवार को वीरपुर हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि हवाई अड्
वीरपुर (सुपौल) से संवाद सहयोगी। बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सोमवार को वीरपुर हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे के निर्माण का टेंडर पूरा हो चुका है और अगले दो वर्षों के भीतर इस निर्माण कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उपमुख्यमंत्री ने वाहन से हवाई अड्डे के पूर्वी छोर तक पहुंचकर पूरे परिसर का जायजा लिया और कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से कोसी क्षेत्र के लोगों को हवाई सेवा की सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हवाई अड्डे के विस्तार के पहले चरण के लिए राज्य सरकार ने 42 करोड़ 37 लाख 79 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। इस राशि का उपयोग 88.83 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए किया जाएगा। इसके बाद मौजूदा 1200 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर तीन किलोमीटर किया जाएगा, जिससे व्यावसायिक विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। हवाई अड्डे पर रनवे, टैक्सीवे, एप्रन, पेरिमीटर रोड, ग्राउंड सर्विस क्षेत्र सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही प्री-फैब्रिकेटेड टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और फायर स्टेशन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
इस हवाई अड्डे का विकास करीब 64 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा और यह कोड-2बी श्रेणी के विमानों के संचालन के अनुरूप तैयार किया जाएगा। यह परियोजना भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित होने के कारण सामरिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निरीक्षण के दौरान डीडीसी इन्द्रवीर कुमार, एसडीएम वीरपुर विनय कुमार, एसडीपीओ वीरपुर सुरेंद्र कुमार, बीडीओ बसंतपुर सुजीत कुमार मिश्रा, सीओ बसंतपुर सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनिल खेरवार, अजय आनंद, विनोद मेहता, बालकृष्ण यादव, मो. शौकत, मोतीउर रहमान और गोपाल मंडल भी इस निरीक्षण में शामिल हुए।
















