Water Crisis in Aligarh: घरों के नल सूखे, बारिश में बाल्टी लेकर निकले लोग

अलीगढ़ में बारिश के बीच दुबे का पड़ाव और उसके आस-पास के मोहल्लों में जल संकट गहरा गया है। पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति ठप होने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी
अलीगढ़ में बारिश के बीच दुबे का पड़ाव और उसके आस-पास के मोहल्लों में जल संकट गहरा गया है। पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति ठप होने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बारिश में भीगते हुए नलकूपों से पानी लाने के लिए मजबूर हैं। बृहस्पतिवार को नलकूप पर पानी भरने के लिए लंबी कतारें लगी रहीं, जिसमें लोग बाल्टियों और डिब्बों के साथ अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरों के नलों में पानी नहीं आने से उनकी दिनचर्या पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। पीने के पानी से लेकर खाना बनाने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए उन्हें काफी दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
दुबे का पड़ाव के साथ-साथ मानिक चौक, धोबी वाली गली, पत्तल वाली गली और कोयला वाली गली भी जल संकट से जूझ रही हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दुबे का पड़ाव पर लगे दूसरे नलकूप का वाल्व खराब होने के कारण पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। इस समस्या की शिकायत नगर निगम और जलकल विभाग से कई बार की गई है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हुआ है। बारिश के बीच बार-बार दूसरे नलकूप तक जाना बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए कठिनाई भरा हो गया है। लोगों ने मांग की है कि जलापूर्ति को जल्द बहाल किया जाए और जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से पानी के टैंकर भेजे जाएं।
















