Water Level Rise in Varanasi: गंगा के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी, नावों के संचालन पर रोक

वाराणसी में गंगा नदी के जलस्तर में हो रही लगातार बढ़ोतरी के कारण नावों का संचालन गुरुवार को लगभग छह घंटे तक पूरी तरह से ठप रहा। जल पुलिस ने यात्रियों और श्रद्धा
वाराणसी में गंगा नदी के जलस्तर में हो रही लगातार बढ़ोतरी के कारण नावों का संचालन गुरुवार को लगभग छह घंटे तक पूरी तरह से ठप रहा। जल पुलिस ने यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुबह 11 बजे से नावों के संचालन पर रोक लगा दी थी। हालांकि, स्थिति सामान्य होने के बाद शाम पांच बजे नावों का आवागमन पुनः शुरू किया गया। जल प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि तेज हवा के कारण नदी में लहरें काफी उग्र हो गई थीं, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाना आवश्यक हो गया था। तेज लहरों के चलते नाविकों और पर्यटकों में बेचैनी बढ़ गई थी, जबकि गंगा के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
केंद्रीय जल आयोग मिडिल गंगा डिवीजन के अनुसार, गंगा का जलस्तर बढ़कर 61.84 मीटर तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में जलस्तर में 15 सेंटीमीटर का इजाफा हुआ है। चेतावनी स्तर 70.262 मीटर और खतरे का निशान 71.262 मीटर है। वर्तमान में जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण जलस्तर में वृद्धि जारी है। प्रशासन ने सभी नाविकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे बिना लाइफ जैकेट यात्रियों को न बैठाएं और तय क्षमता से अधिक सवारी न लादें।
















