Waterproof Rakhi Envelopes: डाकघरों में 15 रुपये में मिलेंगे वाटरप्रूफ राखी लिफाफे

धर्मशाला। रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही भारतीय डाक विभाग ने देशभर में भाइयों तक सुरक्षित राखी पहुंचाने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार बहनों को व
धर्मशाला। रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही भारतीय डाक विभाग ने देशभर में भाइयों तक सुरक्षित राखी पहुंचाने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार बहनों को वाटरप्रूफ लिफाफों के लिए थोड़ी अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। पिछले वर्ष जहां ये लिफाफे 10 रुपये में उपलब्ध थे, वहीं इस बार उनकी कीमत 15 रुपये निर्धारित की गई है। धर्मशाला डाक मंडल के अंतर्गत 23,000 वाटरप्रूफ लिफाफों की खेप पहुंच चुकी है, जिन्हें विभिन्न डाकघर शाखाओं में भेजा जा रहा है। यह विशेष लिफाफे केवल आधिकारिक डाकघरों में ही उपलब्ध होंगे, आम दुकानों पर नहीं। इन लिफाफों को जलरोधक सामग्री से बनाया गया है, जिससे बारिश या नमी के कारण राखी और शुभकामना संदेश खराब होने का खतरा नहीं रहेगा। विभाग का कहना है कि इन लिफाफों के माध्यम से भेजी गई राखियां सामान्य परिस्थितियों में लगभग एक सप्ताह के भीतर अपने गंतव्य तक पहुंच जाएंगी।
पिछले वर्ष भी इस सुविधा का लाभ लेने वाली महिलाओं की संख्या काफी अधिक रही थी। आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल कुल 1,288 महिलाओं ने डाकघर के माध्यम से राखियां भेजी थीं, जिनमें से धर्मशाला मंडल से 867 और देहरा मंडल से 421 बुकिंग की गई थीं। यह आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि डाक विभाग की यह सेवा कितनी लोकप्रिय हो चुकी है। डाकघर के अधिकारी रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि बहनों की चिंता को दूर करने के लिए मंडल में 23,000 वाटरप्रूफ लिफाफे पहले से ही पहुंचा दिए गए हैं। ये लिफाफे जल्द ही सभी डाकघरों में वितरण के लिए उपलब्ध करवा दिए जाएंगे, ताकि बहनें अपने भाइयों के लिए सुरक्षित राखी भेज सकें।
















