PM Modi praises Lovlina Borgohain's patriotism: लोगों को यह वीडियो लंबे समय तक याद रहेगा, पीएम मोदी ने की लवलीना बोरगोहेन की तारीफ

खेल के मैदान में जब कोई एथलीट पदक जीतता है तो वह केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि का उत्सव नहीं मनाता, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव बढ़ाता है। अमूमन हम देशभक्ति को राष्
खेल के मैदान में जब कोई एथलीट पदक जीतता है तो वह केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि का उत्सव नहीं मनाता, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव बढ़ाता है। अमूमन हम देशभक्ति को राष्ट्रगान बजने पर सावधान की मुद्रा में खड़े होने या तिरंगे को सलाम करने तक ही सीमित मान लेते हैं, परंतु वास्तविकता में राष्ट्रभक्ति व्यक्ति की उस सतत सजगता में निहित है, जो वह अपने देश के सम्मान और प्रतीकों के प्रति हर पल रखता है।
भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य हुई बातचीत इसी सूक्ष्म, किंतु अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रप्रेम और नागरिक बोध का एक उत्कृष्ट आख्यान प्रस्तुत करती है। किसी भी राष्ट्र का मानचित्र केवल कुछ भौगोलिक रेखाओं का समूह नहीं होता, बल्कि वह उस देश की अखंडता, संप्रभुता और अस्मिता का सर्वोच्च प्रतीक होता है।
ग्लासगो में 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने ऐसी बात पर आपत्ति जताई थी, जिसने उनकी देशभक्ति और सजगता की मिसाल पेश की। भारतीय बॉक्सिंग दल के लिए आयोजित जश्न के दौरान एक रेस्टोरेंट के लोगो में भारत का गलत नक्शा इस्तेमाल किया गया था। इस नक्शे में भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को जगह नहीं दी गई थी। लवलीना बोरगोहेन ने इसे देखा तो उन्होंने रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के सामने विनम्रता से आपत्ति दर्ज कराई। रेस्टोरेंट ने बाद में नक्शे में सुधार भी किया।
लवलीना बोरगोहेन के इस कदम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी इस सजगता की सराहना की है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने लवलीना बोरगोहेन से इसी घटना को लेकर बात की। पीएम मोदी ने लवलीना से बातचीत के दौरान मुस्कुराते हुए पूछा, क्या हुआ था, वो रेस्टोरेंट वाले से झगड़ा कर रही थी? इस पर लवलीना ने हंसते हुए कहा कि भारतीय दल ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया था और प्रतियोगिता का आखिरी दिन होने के कारण सभी खिलाड़ी जश्न मना रहे थे।















