Ethanol Powered EV Charger: इथेनॉल से चार्ज होगी इलेक्ट्रिक कार, देश का पहला EV चार्जर हुआ लॉन्च, जानें कैसे करेगा काम

भारत में e20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच, इथेनॉल ने एक और महत्वपूर्ण बदलाव की ओर कदम बढ़ाया है। अब इथेनॉल केवल पेट्रोल में मिलाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्
भारत में E20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच, इथेनॉल ने एक और महत्वपूर्ण बदलाव की ओर कदम बढ़ाया है। अब इथेनॉल केवल पेट्रोल में मिलाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए भी किया जाएगा। देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन चार्जिंग स्टेशनों की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई है, खासकर हाईवे और दूरदराज के क्षेत्रों में जहां बिजली की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। तेलंगाना ने इस समस्या का समाधान खोजने के लिए एक नया कदम उठाया है। राज्य में 150kW का इथेनॉल से चलने वाला EV चार्जिंग सिस्टम लॉन्च किया गया है, जो पावर ग्रिड पर निर्भर नहीं रहेगा। इसे दुनिया का पहला इथेनॉल आधारित EV चार्जिंग समाधान बताया जा रहा है।
इस नई तकनीक में 150kW का फास्ट EV चार्जर और इथेनॉल से बिजली बनाने वाले सिस्टम को एक साथ जोड़ा गया है। यह सिस्टम पहले इथेनॉल की मदद से बिजली तैयार करता है और फिर उसी बिजली से इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करता है। इससे चार्जिंग स्टेशन को हर समय पारंपरिक बिजली ग्रिड पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने Keto Motors के पहले इलेक्ट्रिक कमर्शियल बस के लॉन्च के मौके पर कहा कि कंपनी ने एक विशेष उपकरण विकसित किया है, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों को पारंपरिक बिजली की बजाय इथेनॉल से तैयार की गई बिजली से चार्ज किया जा सकेगा। यह तकनीक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और भारत में इथेनॉल के बढ़ते उपयोग को एक साथ जोड़ती है, जिससे ग्रीन एनर्जी और मोबिलिटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



















