Makhana from Mithila: दरभंगा से कनाडा भेजा गया 7 मीट्रिक टन मखाना

जागरण संवाददाता, दरभंगा। उत्तर बिहार की कृषि अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देते हुए दरभंगा से पहली बार सात मीट्रिक टन फ्लेवर्ड मखाना की समुद्री खेप कनाडा के लिए रव
जागरण संवाददाता, दरभंगा। उत्तर बिहार की कृषि अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा देते हुए दरभंगा से पहली बार सात मीट्रिक टन फ्लेवर्ड मखाना की समुद्री खेप कनाडा के लिए रवाना की गई है। यह पहल एपीडा के सहयोग से न्यूट्रिविन एग्रो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा शुरू की गई है, जो मिथिला के कृषि क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रही है। इस कदम से न केवल स्थानीय किसानों को लाभ होगा, बल्कि मिथिला की कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान भी मिलेगी। मखाना की बढ़ती मांग और गुणवत्ता में सुधार के चलते, किसानों को अब अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल रहा है। प्रगतिशील किसान सिकंदर मुखिया, केशव साहनी और महेश मुखिया ने बताया कि अब वे केवल कच्चा मखाना बेचने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसके प्रॉपर ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग, फ्लेवरिंग और पैकेजिंग से उन्हें अपने उत्पाद का 10 से 15 प्रतिशत अधिक मूल्य प्राप्त हो रहा है। यह बदलाव किसानों के लिए आर्थिक रूप से बहुत फायदेमंद साबित हो रहा है।
मिथिला का मखाना पहले से ही अमेरिका, कनाडा, सिंगापुर, ब्रिटेन, यूएई और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में निर्यात किया जा रहा है। इस निर्यात में तेजी लाने के लिए शी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और निर्यातक सैय्यद फराज ने बताया कि हजारों स्थानीय किसानों के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय बाजार में विस्तार जारी है। इसी क्रम में, दरभंगा से दक्षिण अफ्रीका और बेल्जियम के लिए भी नई खेप भेजी जाने वाली है। यह निर्यात न केवल किसानों के लिए, बल्कि मिथिला क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण है।


















