Fraud in 600 Crore Loan Transfer: राकेश वधावन ने राणा कपूर पर गंभीर आरोप लगाए

यस बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक राणा कपूर और सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन के प्रमोटर सुधीर वालिया के खिलाफ 600 करोड़ रुपये के लोन ट्रांसफर में धोखाधड़ी का मामला सा
यस बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक राणा कपूर और सुरक्षा एसेट रिकंस्ट्रक्शन के प्रमोटर सुधीर वालिया के खिलाफ 600 करोड़ रुपये के लोन ट्रांसफर में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यह शिकायत राकेश वधावन ने की है, जो हाउसिंग डेवलपमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े हुए हैं। वधावन का आरोप है कि लोन अकाउंट को नॉन परफॉर्मिंग एसेट (NPA) घोषित किए बिना ही सुरक्षा ARC-11 ट्रस्ट को ट्रांसफर कर दिया गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्थिक अपराध शाखा (EoW) ने जांच शुरू कर दी है। वधावन ने अपनी शिकायत में कहा है कि यह पूरा लेन-देन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के खिलाफ है। उन्होंने 16 पन्नों की लिखित शिकायत में राणा कपूर, सुधीर वालिया और अन्य अधिकारियों के खिलाफ विस्तृत जांच की मांग की है। वधावन का कहना है कि HDIL के 600 करोड़ रुपये के लोन खाते को कभी भी NPA घोषित नहीं किया गया था, फिर भी इसे अवैध तरीके से सुरक्षा ARC-11 ट्रस्ट को ट्रांसफर किया गया। इस आधार पर उन्होंने पूरे मामले में गहन आपराधिक जांच की मांग उठाई है।
इस लोन ट्रांसफर का मामला एक डेवलपमेंट प्रोजेक्ट से जुड़ा हुआ है। यस बैंक ने महाराष्ट्र के विरार में 'उपवनवाले हाउसिंग प्रोजेक्ट' के लिए HDIL को 600 करोड़ रुपये का टर्म लोन अप्रूव किया था। वधावन ने इस लोन ट्रांसफर को विवाद का केंद्र बताया है। उनकी शिकायत के अनुसार, इस लोन के बदले बैंक के पास 2,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां गिरवी रखी गई थीं, जिनमें जमीन, डेवलपमेंट राइट्स, रिसीवेबल्स और अन्य प्रतिभूतियां शामिल थीं। वधावन का कहना है कि इतनी बड़ी सिक्योरिटी होने के बावजूद बैंक ने बिना किसी पूर्व नोटिस के अचानक इस लोन खाते को सुरक्षा ARC-11 ट्रस्ट को ट्रांसफर कर दिया।



















