Rupee Strengthens Against Dollar: भारतीय रुपया लगातार 9वें दिन अमेरिकी डॉलर पर पड़ा भारी, 165 पैसे हुआ मजबूत

भारत की करेंसी रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत होकर 95.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इसके साथ ही रुपये में लगातार नौवें कारोबारी सत्र की बढ़त
भारत की करेंसी रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत होकर 95.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इसके साथ ही रुपये में लगातार नौवें कारोबारी सत्र की बढ़त दर्ज की गई। रुपये ने 23 जुलाई को 1 अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.73 के बंद स्तर से अब तक 165 पैसे यानी करीब 1.7% मजबूत हो चुका है। यह एक साल से अधिक समय में भारतीय रुपये की अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सबसे लंबी लगातार तेजी है। इससे पहले रुपये में ऐसी तेजी पिछले साल 5 जून से 12 जून के बीच देखने को मिली थी।
रुपये की मजबूती ऐसे समय आई है जब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने लगातार चौथी बार रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर स्थिर रखा है। आरबीआई की छह सदस्यीय मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) ने अपने 'न्यूट्रल' पॉलिसी के स्टैंड में भी कोई बदलाव नहीं किया। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच आए इस फैसले ने बाजार को स्थिरता का संकेत दिया। इंटरबैंक फॉरेन करेंसी मार्केट में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.90 के रेट पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.89 के उच्च स्तर और 95.25 के निचले स्तर के बीच कारोबार करता रहा। अंत में यह पिछले सत्र के मुकाबले 20 पैसे की बढ़त के साथ 95.08 पर बंद हुआ। इससे पहले 4 अगस्त को भी रुपया 9 पैसे मजबूत होकर 95.28 पर बंद हुआ था।



















