Sirmour News: बरसात में 85 प्रतिशत तक लुढ़का व्यापार, ग्राहकों को तरसे कारोबारी

गुन्नुघाट, कच्चा टैंक, बड़ा चौक सहित सभी प्रमुख बाजारों में मौजूदा समय में सन्नाटा छाया हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों से ग्राहकों की कमी और ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते च
गुन्नुघाट, कच्चा टैंक, बड़ा चौक सहित सभी प्रमुख बाजारों में मौजूदा समय में सन्नाटा छाया हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों से ग्राहकों की कमी और ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन ने स्थानीय व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सिरमौर जिले के नाहन में जुलाई से लगातार हो रही भारी बारिश ने व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। इस मौसम में बाजारों में ग्राहकों की चहल-पहल में भारी गिरावट आई है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, इस मानसून सीजन में कारोबार में 50 से 85 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश और खराब मौसम के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की आवाजाही में कमी आई है, जिससे गुन्नुघाट, कच्चा टैंक, बड़ा चौक, नया बाजार और हिंदू आश्रम बाजार में व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। ग्राहकों की कमी के कारण कपड़े, हार्डवेयर, जूते, गिफ्ट आइटम और बर्तनों का कारोबार पूरी तरह से मंदा पड़ गया है। व्यापारियों का मानना है कि आगामी नवरात्र तक बाजार में ऐसी ही मंदी बनी रहने की संभावना है।
बर्तन कारोबारियों की स्थिति भी चिंताजनक है। बुद्धि वल्लभ, जो बर्तन का व्यापार करते हैं, ने बताया कि पिछले 6 महीनों से बाजार में ठंडापन था, लेकिन अब बारिश ने उनके धंधे को 85 प्रतिशत तक चौपट कर दिया है। वर्तमान में कारोबार में सुधार की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। कपड़ा व्यवसायी संजय सिंगला ने कहा कि बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों से लोग नहीं आ रहे हैं और साथ ही ऑनलाइन खरीदारी ने भी भारी नुकसान पहुंचाया है। शहर में रोजाना 4 से 5 ट्रक ऑनलाइन सामान आ रहा है, जिससे स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। नवरात्र तक बाजार में मंदी का दौर जारी रहने की संभावना है।



















