Heavy Machinery in Chhattisgarh: BEML के लिए 79.70 एकड़ भूमि आवंटित

भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (beml) को छत्तीसगढ़ में पहले हेवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट (hemm) मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ सरकारी भूमि आवंटित
भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) को छत्तीसगढ़ में पहले हेवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट (HEMM) मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ सरकारी भूमि आवंटित की गई है। यह भूमि मुंगेली जिले के पथरिया तहसील के चंद्रगढ़ी गांव में रियायती दर पर दी गई है, जिससे राज्य में इस प्रकार के अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के लिए चंद्रगढ़ी गांव की सरकारी भूमि का चयन किया गया है, जिससे राज्य में औद्योगिक विकास को एक नई दिशा मिलेगी।
हेवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट वे भारी मशीनें होती हैं, जिनका उपयोग मिट्टी, पत्थरों और मलबे को खोदने, उठाने, ले जाने और समतल करने के लिए किया जाता है। ये मशीनें निर्माण, सड़क बनाने और खनन के कार्यों को आसान और तेज बनाती हैं। प्रस्तावित प्लांट मुंगेली जिले के चंद्रगढ़ी गांव में स्थापित किया जाएगा, जो बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना के लिए आवश्यक भूमि की पहचान पूरी कर ली गई है और अब इसके विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।



















