Brutal Attack in Delhi Park: पार्क में छेड़खानी का विरोध करने पर युवक की चाकू से हत्या

दिल्ली के भारत नगर इलाके में एक पार्क में दिनदहाड़े हुए चाकू से हमले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से
दिल्ली के भारत नगर इलाके में एक पार्क में दिनदहाड़े हुए चाकू से हमले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने पहले युवती के साथ छेड़खानी की, जिसके बाद युवक और युवती ने इसका विरोध किया। इस पर हमलावरों ने दोनों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजकर 33 मिनट पर चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। वहां 26 वर्षीय देवकी और 30 वर्षीय सुनील को गंभीर हालत में पाया गया। देवकी ने बताया कि पार्क में बैठे होने के दौरान 3 से 4 अज्ञात युवक उनके पास आए और किसी बात को लेकर कहासुनी की। आरोप है कि युवकों ने पहले देवकी के साथ छेड़खानी की। जब दोनों ने इसका विरोध किया, तो एक हमलावर ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। इस हमले में सुनील को कई जगह चाकू लगे। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। देवकी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















