Traffic Plan for Shravan Mela: वैशाली में श्रावणी मेला के लिए नया ट्रैफिक प्लान, इन रूटों पर वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। श्रावणी मेला-2026 के दौरान पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम, मुजफ्फरपुर सहित विभिन्न शिवालयों की ओर जाने वाले लाखों कांवरियो
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। श्रावणी मेला-2026 के दौरान पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम, मुजफ्फरपुर सहित विभिन्न शिवालयों की ओर जाने वाले लाखों कांवरियों की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और वैशाली पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 30 जुलाई से प्रत्येक शुक्रवार शाम छह बजे से सोमवार रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। जिलाधिकारी वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, पटना स्वीट्स से त्रिमूर्ति चौक तक दाहिने लेन में केवल बाइक एवं निजी चारपहिया वाहनों का परिचालन होगा। इस मार्ग पर बस, ट्रक, व्यावसायिक वाहन, पिकअप, जुगाड़ वाहन एवं ठेला के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुरानी गंडक एवं कौनहारा घाट से रामाशीष चौक होते हुए महुआ मोड़ तक बायां लेन केवल कांवरियों एवं अन्य श्रद्धालुओं के पैदल आवागमन के लिए सुरक्षित रहेगा। इसके अलावा पुरानी गंडक क्षेत्र में किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और यह मार्ग सिर्फ पैदल श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित रहेगा। जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि सड़क अथवा सड़क के बीच में किसी भी प्रकार का डीजे, मंच या अन्य अतिक्रमण नहीं किया जाएगा। जल, फल, फूल एवं अन्य सेवा शिविर अथवा डीजे की व्यवस्था सड़क की कच्ची पट्टी के बाद ही की जाएगी, ताकि यातायात बाधित न हो। न्यू गंडक पुल के दोनों ओर स्थित फुटपाथ केवल पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रहेंगे। इन पर बाइक एवं साइकिल का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार अंजानपीर ओवरब्रिज के बाएं लेन एवं अंजानपीर अंडरपास क्षेत्र को श्रद्धालुओं के पैदल आवागमन के लिए सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि अंजानपीर कट से दाहिने लेन में वाहनों का परिचालन होगा। महुआ मोड़ से यादव द्वार की ओर किसी भी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, हाजीपुर से मुजफ्फरपुर जाने वाले भारी वाहनों का परिचालन बीएसएनएल गोलंबर-अंजानपीर अंडरपास-लालगंज-वैशाली-सरैया मार्ग से कराया जाएगा। महुआ एवं समस्तीपुर की ओर जाने वाले बड़े वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा गोरौल फकुली मोड़ से राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। ऐसे वाहनों का परिचालन फकुली मोड़, मौना चौक, महाराणा प्रताप चौक, लालगंज एवं अंजानपीर होते हुए बीएसएनएल गोलंबर के रास्ते कराया जाएगा।


















