AMC: अब 20 अगस्त तक करें अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन

विद्यार्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए और अधिक से अधिक छात्रों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने क
विद्यार्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए और अधिक से अधिक छात्रों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 20 अगस्त, 2026 कर दिया गया है। पहले यह तिथि 7 अगस्त निर्धारित की गई थी। आवेदन करते समय फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को भरना अनिवार्य है। छात्रवृत्ति के लिए लिखित परीक्षा 95 शहरों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी शहर का चयन कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र की जानकारी ई-मेल द्वारा भेजे जाने वाले एडमिट कार्ड में दी जाएगी, इसलिए हर आवेदक के लिए ई-मेल आईडी होना आवश्यक है। इस वर्ष के लिए पात्रता मापदंडों के अनुसार, प्रादेशिक बोर्ड के विद्यालयों में पढ़ने वाले नौवीं और दसवीं कक्षा के 23 विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये और 11वीं तथा 12वीं कक्षा के 23 विद्यार्थियों को 75-75 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। केवल वे विद्यार्थी आवेदन करने के पात्र हैं, जिन्होंने पिछली वार्षिक परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं और जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय दो लाख रुपये से कम है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले और बारहवीं उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थी आवेदन करने के लिए पात्र नहीं हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। 2025 में आयोजित की गई इस छात्रवृत्ति परीक्षा में एक लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से सफल 46 विद्यार्थियों के बीच छात्रवृत्ति के रूप में 28.8 लाख रुपये वितरित किए गए थे।
आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में फोटो, पिछली कक्षा की मार्कशीट, आवासीय पते का प्रमाण और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। अपलोड किए जाने वाले दस्तावेजों का आकार एक एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए, अन्यथा आवेदन अस्वीकार कर दिया जाएगा। दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए इस वर्ष भी दो विशेष छात्रवृत्तियां दी जाएंगी। ऐसे विद्यार्थियों को परीक्षा में अपने साथ एक सहायक लाने की अनुमति होगी, जो छात्र से नीचे की कक्षा का होना चाहिए। सहायक को अपने साथ स्कूल का आई कार्ड लाना अनिवार्य होगा। आवेदन करते समय विद्यार्थियों को यह ध्यान रखना चाहिए कि एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही फॉर्म भरा जा सकता है। एक से अधिक फॉर्म भरने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थी निम्नलिखित लिंक पर क्लिक करके आवेदन फॉर्म भर सकते हैं- https://www.amarujala.com/atul-maheshwari-chhatravritti-2026, https://amarujalafoundation.org/, https://www.amarujala.com/। इस छात्रवृत्ति परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी शिक्षा में सहायता प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।



















