Protest Against Paper Leak: बिहार में एलएलबी परीक्षा के लिए छात्रों का प्रदर्शन

पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी और एलएलएम प्रवेश परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ छात्रों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन एआइएसएफ और रिसर्च
पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी और एलएलएम प्रवेश परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ छात्रों ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन एआइएसएफ और रिसर्च स्कालर संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। छात्रों ने पटना कॉलेज से विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक प्रतिवाद मार्च निकाला, जिसमें उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाएं बिहार की उच्च शिक्षा व्यवस्था की साख को धूमिल कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो परीक्षा प्रणाली पर विद्यार्थियों का विश्वास खत्म हो जाएगा। छात्रों का कहना है कि मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करने वाले हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
प्रदर्शन के बाद, छात्र प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो. कामेश्वर पंडित को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि एलएलबी और एलएलएम प्रवेश परीक्षा को तत्काल रद्द कर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पुनर्परीक्षा कराई जाए। इसके साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय और स्वतंत्र जांच कर दोषी व्यक्तियों और अधिकारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। एआइएसएफ और रिसर्च स्कालर संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर विश्वविद्यालय प्रशासन कोई ठोस निर्णय नहीं लेता है, तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।



















