Child Safety at Risk: चतरा में नौनिहालों का भविष्य खतरे में

चतरा जिले के लावालौंग प्रखंड के पोटम गांव में बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों की शिक्षा एक बड़ी चुनौती बन जाती है। यहां के बच्चों को प्रतिदिन उफनती नदी पार करक
चतरा जिले के लावालौंग प्रखंड के पोटम गांव में बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों की शिक्षा एक बड़ी चुनौती बन जाती है। यहां के बच्चों को प्रतिदिन उफनती नदी पार करके स्कूल जाना पड़ता है, जिससे उनकी जान को खतरा बना रहता है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे विद्यालय पहुंचना बेहद जोखिम भरा हो गया है। पुल के अभाव में बच्चे कभी एक-दूसरे का हाथ पकड़कर तो कभी तैरकर नदी पार करने को मजबूर हैं। इस कठिनाई के बावजूद, शिक्षा के प्रति उनकी लगन और मजबूरी उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित करती है। हालांकि, इस स्थिति ने अभिभावकों की चिंता को भी बढ़ा दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस नदी पर पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि कई बार नदी का बहाव इतना तेज हो जाता है कि बच्चों के लिए उसे पार करना अत्यंत खतरनाक साबित होता है। ऐसे में बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित होती है और उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब पुल निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र स्थायी समाधान नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।



















