Pension Issues in Gopalganj: 42 हजार लाभार्थियों की पेंशन राशि फंस सकती है

गोपालगंज में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े 42 हजार से अधिक लाभार्थियों की पेंशन राशि अटकने की आशंका जताई जा रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि इन लाभार्थ
गोपालगंज में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े 42 हजार से अधिक लाभार्थियों की पेंशन राशि अटकने की आशंका जताई जा रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि इन लाभार्थियों का बायोमेट्रिक आधारित जीवन प्रमाणीकरण अब तक नहीं हो पाया है। जिला प्रशासन ने इन लाभार्थियों को जीवन प्रमाणीकरण कराने के लिए 14 अगस्त तक का अंतिम मौका दिया है। इस संबंध में जिला प्रशासन ने पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है, ताकि शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अनुसार, गोपालगंज जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कुल 2,57,908 लाभार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से 2,15,720 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 42,167 लाभार्थी अब भी सत्यापन से वंचित हैं। यदि समय पर जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया गया, तो इन लाभार्थियों की पेंशन भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। जिला मजिस्ट्रेट समीर सौरभ ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पंचायतवार शिविर आयोजित कर शेष लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण हर हाल में 14 अगस्त तक कराया जाए।
इन शिविरों में पंचायत सचिव, विकास मित्र, कार्यपालक सहायक, डेटा एंट्री ऑपरेटर और कॉमन सर्विस सेंटर के संचालकों की तैनाती की जाएगी। शिविर की तिथि, समय और स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन लाभार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन तकनीकी कारणों से संभव नहीं होगा, उनका नियमानुसार भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के दौरान मृत पाए जाने वाले लाभार्थियों को ई-लाभार्थी पोर्टल पर डेथ मार्क किया जाएगा। स्थायी रूप से पलायन कर चुके या पते पर नहीं मिलने वाले लाभार्थियों की अलग सूची तैयार कर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग को भेजने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक शिविर के बाद प्रखंड वार दैनिक प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध करानी होगी। जिले में सबसे अधिक पेंडिंग जीवन प्रमाणीकरण बैकुंठपुर प्रखंड में 5,747 है। इसी प्रकार बरौली में 5,321 और कुचायकोट में 5,179 लाभार्थियों का प्रमाणीकरण पेंडिंग है। आंकड़ों के अनुसार, पंचदेवरी में सबसे कम 674 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण शेष है। प्रशासन का कहना है कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय सीमा के भीतर अपना जीवन प्रमाणीकरण अवश्य कराना चाहिए, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए।



















