Student's Death in PU: छात्रा की करंट लगने से मौत, SDO और XEN निलंबित

पंजाब यूनिवर्सिटी की माइक्रोबायोलाजी विभाग की पीएचडी शोधार्धी छात्रा ज्योति की करंट लगने से हुई मौत के मामले में बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्
पंजाब यूनिवर्सिटी की माइक्रोबायोलाजी विभाग की पीएचडी शोधार्धी छात्रा ज्योति की करंट लगने से हुई मौत के मामले में बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल (जीएमएसएच-16) में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद, शव को सुबह करीब 11 बजे स्वजन को सौंप दिया गया। इसके बाद परिवार ने ज्योति का अंतिम संस्कार हरियाणा के महेंद्रगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव में किया। इस घटना के बाद परिवार ने सवाल उठाते हुए शव लेने से इन्कार कर दिया था, जब तक कि उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा नहीं मिला। देर रात पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन और परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद सहमति बनी, जिसके चलते पोस्टमार्टम किया गया।
इस मामले में पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विद्युत शाखा के सब डिवीजनल इंजीनियर (एसडीओ) लखविंदर सिंह धनोआ और कार्यवाहक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (एक्सईएन-2) अनिल ठाकुर को निलंबित कर दिया है। विश्वविद्यालय के आदेश के अनुसार, दोनों अधिकारियों का निलंबन जांच पूरी होने या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। इस बीच, दोनों पदों का अतिरिक्त प्रभार रजिस्ट्रार को सौंपा गया है। इसके साथ ही, विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिजनों के साथ बैठक के बाद राहत पैकेज की घोषणा की, जिसमें परिवार को 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।


















